UPKeBol : बहराइच। यूपी के बहराइच जिले में स्थित कतर्नियाघाट संरक्षित वन क्षेत्र के निशानगाड़ा रेंज से सटे गांवों बीते एक पखवारे से तेन्दुए का आतंक था। सप्ताह भर पूर्व तेन्दुए ने एक बालिका पर हमला कर उसे लहूलुहान कर दिया था। ग्रामीणों की शिकायत के बाद वन विभाग ने पिंजरा लगवाया। शुक्रवार को मादा तेंदुआ पिंजरे में कैद हो गई। पिंजरे में कैद मादा तेंदुआ को निशाना गड़ा रेंज कार्यालय ले जाया गया है। चिकित्सकों द्वारा स्वास्थ्य परीक्षण के बाद उसे घने जंगल में गेरूआ पार छोड़ा जाएगा।
यह भी पढ़ें : पुरानी रंजिश में गोली मारकर युवक की हत्या, मचा कोहराम
कुछ यही स्थिति सप्ताह भर से निशानगाड़ा वन रेंज परिक्षेत्र के निकट स्थित ग्राम पंचायत करीकोट और लोहरा गांव की थी। कारीकोट के लोहरा गांव में बीते कई दिनों से तेंदुआ दस्तक दे रहा था। तेंदुए की गुर्राहट से ग्रामीण भयभीत थे।
इतना ही नहीं सात दिन पूर्व 20 अक्टूबर को जंगल से निकल कर आए तेन्दुए ने लोहरा गांव निवासी 8 वर्षीय किरन पर उस समय हमला कर घायल कर दिया था जब वह घर के बाहर लगे हैंडपंप पर पानी लेने गई थी। तेंदुए के हमले में किरन गंभीर रूप से जख्मी हुई थी।
बालिका पर हमले के बाद गांव के लोगों ने तेंदुए से सुरक्षा की गुहार लगाई थी। इसके बाद कतर्नियाघाट संरक्षित वन क्षेत्र के डीएफओ आकाशदीप बधावन ने क्षेत्र का भ्रमण किया था। डीएफओ को तेंदुए का मूवमेंट लोहरा व आजमगढ़ पुरवा गांव के आसपास होने की पुष्टि हुई थी। इसके बाद प्रभागीय वनाधिकारी आकाशदीप बधावन ने पिंजरा लगवाकर विशेष टीम गठित करते तेंदुए की निगरानी करने के निर्देश दिए थे।

डीएफओ आकाशदीप बधावन ने बताया कि गठित टीम 24 घंटे डिप्टी रेंजर रामकुमार द्वितीय के नेतृत्व में तेंदुए के मूवमेंट पर नजर रख रही थी। तेन्दुए को पकड़ने के लिए निरंतर पिंजड़े में बकरी को बांधा जा रहा था। वन कर्मियों की सक्रियता के चलते शुक्रवार सुबह तड़के तेंदुआ पिंजरे में कैद हो गया है।
तेंदुए के पकड़े जाने से कारीकोट, लोहरा और आजमगढ़ पुरवा के ग्रामीण अब अपने आप को सुरक्षित महसूस कर रहे हैं। डीएफओ ने बताया कि तेंदुए में कैद हुआ तेंदुआ मादा है उसकी उम्र लगभग तीन माह है।
डीएफओ ने कहा कि पिंजरा समेत तेन्दुए को निशानगाड़ा रेंज कार्यालय ले जाया गया है। चिकित्सकों का पैनल तेन्दुए का स्वास्थ्य परीक्षण करेगा स्वास्थ्य जांच और उच्चाधिकारियों के निर्देश के बाद तेंदुआ को घने जंगल में छोड़ा जायेगा।
यह भी पढ़ें : पुरानी रंजिश में गोली मारकर युवक की हत्या, मचा कोहराम