UPKeBol : देवरिया। यूपी के देवरिया जिले के मईल थाना क्षेत्र के नरसिंहडाढ़ गांव में एक दिल दहलाने वाली घटना सामने आई है। पति ने अपनी पत्नी की हत्या कर शव को अपने घर के पीछे गड्ढे में गाड़ दिया। गांव वालों की सूचना पर उसके मायके से पहुंचे उसके भाई के तहरीर पर पुलिस ने हत्या का मुकदमा दर्ज किया है। जॉच में जुटी पुलिस ने तीसरे दिन शव को शुक्रवार की रात 12 बजे गढ्ढा खोदवाकर बरामद किया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
यह भी पढ़ें : मांटेसरी स्कूल के शिक्षक ने पांच सौ रुपये के लिए पहले छात्र को पीटा फिर मुंडवाया सिर
आपको बता दें कि नरसिहडाढ़ गांव निवासी इंद्रपाल सिंह की शादी वर्ष 2006 में भलुवनी थाना क्षेत्र के पिपरापुरन में अनीता देवी के साथ हुई थी। शादी के बाद दोनों पति-पत्नी एक साथ खुशी से रहते थे। लगभग पांच साल पहले दोनों में किसी बात को लेकर विवाद हो गया। उसके बाद दोनों एक दूसरे से अलग रहने लगे।
पत्नी अनीता देवी पति के पुराने मकान में अकेले रहती थी। पति इंद्रपाल सिंह अरुणाचल प्रदेश में रहकर नौकरी करता था। इंद्रपाल 11 नवंबर को घर आया था। उसने अपनी पत्नी को अपने नए घर पर 16 नवंबर को रात में बुलाया फिर सोते समय उसकी गला दबाकर हत्या कर दिया। शव को छिपाने के लिए अपने घर के पीछे गड्ढा खोदकर गाड़ दिया।
गांव वालों ने जब महिला को दो दिन तक नहीं देखा तो हत्या की आशंका जताने लगे। ग्रामीणों ने महिला के मायके में शुक्रवार को इस मामले में खबर दी। महिला का भाई गांव पहुंचा तो उसने बहनोई इंद्रपाल से बहन के बारे में पूछताछ की लेकिन इंद्रपाल गोलमोल जवाब देता रहा।
थानाध्यक्ष गोरखनाथ सरोज ने बताया कि मृतका के भाई के तहरीर के आधार पर हत्या का मुकदमा दर्ज कर उसके पति को गिरफ्तार कर लिया गया है। थानाध्यक्ष ने बताया कि सख्ती करने पर पति ने पत्नी की हत्या कर उसके शव को घर के पीछे गाड़ने की बात स्वीकार की है। पति की निशानदेही पर मृतका के शव को उसके घर से पीछे से रात 12 बजे गड्ढे से बरामद किया गया है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।
यह भी पढ़ें : मांटेसरी स्कूल के शिक्षक ने पांच सौ रुपये के लिए पहले छात्र को पीटा फिर मुंडवाया सिर