- फ़िल्म अभिनेत्री मल्लिका राजपूत ने पारिवारिक कलह के चलते लगाई फांसी
Film actress Mallika Rajput hanged herself due to family dispute : सुलतानपुर। यूपी के सुल्तानपुर जिले की चर्चित गायिका एवं फ़िल्म अभिनेत्री विजयलक्ष्मी उर्फ मल्लिका राजपूत ने पारिवारिक कलह के चलते सोमवार देर रात सुसाइड कर अपनी जीवन लीला समाप्त कर ली। शव पोस्टमार्टम हॉउस से मंगलवार शाम 4 बजे घर पहुंचा तो परिवार में कोहराम मच गया। परिजनों का आरोप था कि जीजा ने दीदी की जिंदगी तबाह कर दी, जिसके चलते तीन साल से वो डिप्रेशन में थी। आखिर जिसकी आशंका थी वही हो गया। महाराष्ट्र के देव खेड़ा में विजलेंस चीफ के पद पर मल्लिका के पति तैनात हैं लेकिन उनसे 3 साल से मल्लिका से अनबन चल रही थी इसके चलते मल्लिका मायके में ही रह रही थी।

आपको बताते चलें कि कोतवाली नगर के सीताकुंड मोहल्ले में बब्बन सिंह का परिवार रहता है। बब्बन सिंह के तीन बेटे धर्मवीर सिंह, प्रशांत सिंह और कर्मवीर सिंह हैं। बड़ा बेटा धर्मवीर सिंह घर पर ही रहता है। प्रशांत अयोध्या में काम करता है और कर्मवीर अभी हाल में मुंबई गया था। दो बेटियों में बड़ी विजयलक्ष्मी उर्फ़ मल्लिका राजपूत और छोटी राजलक्ष्मी है। भाई बहन में विजयलक्ष्मी उर्फ़ मल्लिका सबसे बड़ी है। जिसने सोमवार की रात लगभग 11 बजे के आसपास कमरे में लगे पंखे से लटककर फांसी लगाकर मौत को गले लगा लिया।
सबसे पहले इस घटना को मल्लिका की मां सुमित्रा सिंह ने देखा। वो बताती हैं कि कमरे की लाइट जल रही हमने खिड़की से झांककर देखा तो वो खड़ी थी। दरवाजे में हमने टक्कर मारा तो बिटिया को लटकता देख हमारी चीख निकल गई। जिस पर बेटे पति सब पहुंच गए। फिर पुलिस को सूचना दी गई। देर रात पुलिस आई। मंगलवार लगभग 2:30 बजे शव पोस्टमार्टम हाउस ले जाया गया और वहां से पोस्टमार्टम के बाद शव 3:50 पर घर पहुंचा। यहां परिजन एवं रिश्तेदार जमा थे लेकिन पति नही पहुँच सके। पति की अनुपस्थिति में सांयकाल हथियानाला पर भाई ने शव को मुखाग्नि दी।
ऐसे मिली थी मल्लिका को शोहरत
40 वर्षीय अभिनेत्री मल्लिका राजपूत एक्ट्रेस होने के साथ गायिका व लेखिका भी थीं। फिल्म रिवाल्वर रानी में अभिनेत्री कंगना रनौत के साथ मल्लिका ने सह अभिनेत्री का किरदार निभाया था। मल्लिका को गायक शान के म्यूजिक एल्बम यारा तुझे… से भी काफी शोहरत हासिल हुई थी। इसके अलावा उन्होंने कई सीरियल, एल्बम और वेब सीरीज में भी काम किया था। अध्यात्मिक गुरु इंदौर निवासी भैयू जी महाराज पर आरोप लगाकर मल्लिका बड़ी चर्चा में आई थीं, आप के बाद भैयू जी महाराज ने आत्महत्या कर ली थी।
पति से विवाद के कारण डिप्रेशन में रहती थी मल्लिका
मल्लिका ने साल 2016 में मुंबई पुलिस में कार्यरत प्रदीप जनार्दन शिंदे से शादी की थी। प्रदीप इन दिनों महाराष्ट्र के देव खेड़ा में विजलेंस चीफ के पद पर हैं। छोटी बहन राजलक्ष्मी ने ऑफ दा कैमरा बताया कि जीजा और दीदी में शादी के बाद से ही मन मुटाव रहने लगा। तीन साल से दीदी यहीं रहती थीं। जीजा बार-बार कहते लेकर चलेंगे और ले नहीं जाते।
इधर तीन साल से दोनों में काफी नोक झोंक होती। अभी पंद्रह दिन पूर्व ही वे मुंबई से लौटी थी और फिर मुंबई जाना चाहती थी लेकिन टिकट नहीं मिलने के कारण वो जा नहीं पाई। रात को भी वो काफी डिप्रेशन में थी। हम लोगों को जिस बात का डर था वही हो गया। वहां मौजूद लोग दबी जुबान से यह कहते सुने गए कि आए दिन परिवार में विवाद होना आम बात थी। हर दिन और रात यहां शोर सुनने को मिलता था।
पीएम मोदी पर लिखी थी ‘नमों शासक’ पुस्तक, सुलतानपुर में हुआ था विमोचन
14 दिसम्बर 2019 को शहर में ‘माध्यम’ नाम से एक भव्य कार्यक्रम हुआ था। जिसे संगीत संध्या नाम दिया गया। इसमें देश के नामी-गिरामी भजन सम्राट पद्मश्री अनूप जलोटा भी आए थे। इस दौरान मल्लिका राजपूत द्वारा पीएम नरेंद्र मोदी पर लिखी ‘नमों शासक’ पुस्तक का विमोचन भी हुआ था। यह कार्यक्रम सार फाउण्डेशन मुम्बई (जिसकी मल्लिका अध्यक्ष थी) एवं लायंस क्लब मिडटाउन सुलतानपुर के अध्यक्ष डॉ. राजीव श्रीवास्तव की अगुवाई में हुआ था।