UPKeBol : फर्रुखाबाद। कांग्रेस के वरिष्ठ नेता एवं पूर्व विदेश मंत्री सलमान खुर्शीद का मानना है कि इंडिया और भारत जुड़वा बच्चे की तरह हैं। यह बात श्री खुर्शीद ने शहर स्थित लालगेट फव्वारा तिराहे से आयोजित पदयात्रा में भाग लेने से पहले पत्रकारों से बातचीत में कही। वह कांग्रेस नेता राहुल गांधी की कन्याकुमारी से कश्मीर तक 3-5 हजार किलोमीटर की भारत जोड़ो यात्रा की पहली वर्षगांठ पर आयोजित कार्यक्रम में शिरकत कर रहे थे।
यह भी पढ़ें : गर्भवती महिलाओं और बालिकाओं को स्वास्थ्य सुरक्षा के सुझाए टिप्स
कांग्रेस के वरिष्ठ नेता एवं पूर्व विदेश मंत्री सलमान खुर्शीद ने कहा कि हमारे देश मे लोग सदैव भारतवासी कहे जाते हैं इंडियावासी कभी नहीं कहे जाते हैं और ऐसे में हम सभी बोलचाल के दौरान कभी इंडिया तो कभी भारत का प्रयोग अपनी पहचान के लिए करते हैं, जैसे रिजर्व बैंक ऑफ़ इंडिया, डिजिटल इंडिया, शाइनिंग इंडिया, मेक इन इंडिया आदि कहते हैं।
उन्होंने कहा कि हमारे हिंदी संविधान में भारत शब्द पहले आया तो वहीं अंग्रेजी संविधान में इंडिया शब्द पहले आया। हमारे संविधान में भारत और इंडिया को जोड़कर देखा गया, जिस पर किसी को कोई आपत्ति नहीं। देश में हमें भारतवासी कहते हैं जबकि यूनाइटेड नेशन में, हमें इंडिया के नाम से जाना जाता है, ऐसे में इंडिया और भारत जुड़वा बच्चे की तरह हैं। श्री खुर्शीद ने दावा किया कि ऐसे में इंडिया पर डिबेट की कोई गुंजाइश नहीं हैं ?
उन्होंने एक प्रश्न का उत्तर देते हुए कहा कि विपक्षी दलों ने, सभी भेदभाव को भुलाकर नई भावनाओं के लिए इंडिया नाम दिया है। यह भारत जोड़ो यात्रा के मजबूत संकल्प का भी हिस्सा है।
उन्होंने कहा कि लोकसभा का विशेष सत्र किस मामले को लेकर बुलाया गया इसकी जानकारी सिर्फ दो लोगों को होगी। इसके अलावा 18 सितंबर को सत्र शुरू होने पर ही हमे जानकारी हो सकेगी।
श्री खुर्शीद ने कहा कि महात्मा गांधी ने हमें जो सिखाया कि किसी को कष्ट न देने और अपने आप को कष्ट देने से ही, हम बेहतर शक्तिशाली होंगे और देश का संविधान भी बेहतर तरीके से ताकतवर होगा। महात्मा गांधी के इस प्रेरक विचार से सभी को प्रेरणा लेने की जरूरत है।
मुंबई व पटना और कर्नाटक के फैसलों का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा कि हमारे संविधान पर कोई आंच आती है तो हमें उसकी सुरक्षा के लिए कुर्बानी देने के लिए तैयार रहना होगा। श्री खुर्शीद ने कहा कि भारतीय संविधान हमारी आत्मा है जिसे सुरक्षित रखना है, यह हिंदू-मुस्लिम-सिख-इसाई और उन लोगों की बात नहीं है जो भगवान में विश्वास नहीं रखते वल्कि जिन्होंने हमारे संविधान को एक बुनियादी पुस्तक के रूप में सम्मान दिया, उनके निर्णय को मानते हुए हम अपनी जीवन शैली को मजबूत बनाएंगे।
संविधान को बचाने के लिए ही देश की विभिन्न विपक्षी पार्टियों ने सभी भेदभाव बुलाकर , 2024 के चुनाव तक देश हित के लिए, सभी प्रकार की कुर्बानी देने का संकल्प लिया है।
इस दौरान उन्होंने राहुल गांधी के नारे कि हम किसी के सामने ना झुके हैं, न झुकेंगे, ना डरे हैं ना डरेंगे भी लगवाएं। इस अवसर पर पूर्व विधायक प्रदेश महासचिव प्रकाश प्रधान, जिला अध्यक्ष शकुंतला देवी, नगर अध्यक्ष पूर्ण प्रकाश शुक्ला पॉलिटिक्स सचिव फरीद चुगताई नफीस हुसैन खान, श्रीमती लुईस खुर्शीद, सलमान खुर्शीद के प्रतिनिधि अनिल मिश्रा, कांग्रेस जिला प्रभारी अरुण यादव आदि मौजूद रहे।
यह भी पढ़ें : गर्भवती महिलाओं और बालिकाओं को स्वास्थ्य सुरक्षा के सुझाए टिप्स