- सपा और कांग्रेस पर हमला बोलते हुए सीएम योगी बोले ‘खून चुसवा’ है दोनों दलों का नया संस्करण
- मुख्यमंत्री ने कहा जब भी सपा और कांग्रेस मिलते हैं जरूर होता है कोई न कोई अपशकुन
अयोध्या। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शुक्रवार को फैजाबाद लोकसभा क्षेत्र के तहत मिल्कीपुर, अयोध्या में विशाल जनसभा को संबोधित किया और मौजूदा सांसद व भाजपा प्रत्याशी लल्लू सिंह के लिए अधिक से अधिक संख्या में मतदान की अपील की। इस दौरान सीएम योगी ने सपा और कांग्रेस पर करारा प्रहार किया। उन्होंने कहा कि कांग्रेस और सपा का वर्तमान संस्करण बहुत खतरनाक हैं। जब भी ये दोनों मिलते हैं मानकर चलिए कि कोई अपशकुन होने वाला है। समाजवादी पार्टी और कांग्रेस के इस नए संस्करण को ‘खून चुसवा’ कहते हैं। औरंगजेब की आत्मा इनके अंदर घुस गई है। ये देश के लोगों से जजिया कर वसूलना चाहते हैं।
यह भी पढ़ें : स्कूल में प्रधानाध्यापक ने महिला शिक्षामित्र से छेड़छाड़ कर किया दुष्कर्म का प्रयास

उन्होंने कहा कि आज जो माहौल देश के अंदर बन रहा है इसमें हम सबको सहभागी बनना है। ये अवसर कमल चुनाव पर वोट करके लोक और परलोक दोनों सुधारने का है। विकसित भारत की परिकल्पना को साकार करना है तो यह केवल भाजपा ही कर सकती है। मोदी जी भारत के विकास के रथ के सारथी हैं। महाभारत के इस युद्ध में वह श्रीकृष्ण की भूमिका में हैं और जहां मोदी जी होंगे, कमल का फूल होगा तो विजय अवश्य होनी है। वहीं, रामद्रोहियों की जमानतें जब्त होंगी।
कमल के फूल पर जब वोट पड़ता है वही मोदी और योगी को ताकत देता है
सीएम योगी ने कहा कि कांग्रेस, सपा और बसपा ये तीनों केवल आज के दिन पर वोट कटवा हैं। सपा और कांग्रेस जब आपस में मिलते हैं तो कोई न कोई गड़बड़ जरूर करते हैं। जब राज्य में समाजवादी पार्टी की सरकार थी और केंद्र में कांग्रेस की सरकार थी तब अयोध्या में रामजन्म भूमि पर हमला हुआ था।
फैजाबाद लोकसभा क्षेत्र के मिल्कीपुर, अयोध्या में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने जनसभा को किया संबोधित
इस बार सपा और कांग्रेस के गरीबी हटाओ का मॉडल बहुत खतरनाक है। ये कहते हैं कि एक झटके में गरीबी हटा देंगे। अनुसूचित जाति, जनजाति और पिछड़ी जाति के आरक्षण पर दोनों दलों ने सेंध लगाने की साजिश की है। इनसे किसी ने पूछा कैसे हटाएंगे गरीबी तो कहा कि संपत्ति का सर्वे करेंगे और फिर जो आपके बाप, दादा की संपत्ति होगी उसमें से आधी संपत्ति ले लेंगे और समाजवादी पार्टी के गुंडों में बांट देंगे।
ये चुनाव रामद्रोहियों और रामभक्तों के बीच
उन्होंने कहा कि यह बोलने में कोई संकोच नहीं है कि वर्तमान का यह चुनाव चौथा चरण आते-आते पूरे देश के अंदर रामद्रोही और रामभक्तों के बीच बंट गया है। रामद्रोही वही जो रामभक्तों पर गोलियां चलाते हैं। रामद्रोही वही जो हमारे रामलला की जन्मभूमि पर हमला करने वालों पर मुकदमे वापस लेते हैं।
रामद्रोही वही जो कहते हैं कि अयोध्या में राम मंदिर बेकार बना है। रामद्रोही वही जो राम भक्त कल्याण सिंह की मृत्यु पर संवेदना व्यक्त नहीं करते लेकिन माफिया के मरने पर मातम मनाने जरूर जाते हैं। रामद्रोही वही जो देश के अंदर आतंकवाद और नक्सलवाद की जड़ हैं। रामद्रोही वही जो भारत का विकास नहीं चाहते।
डबल इंजन सरकार के नेतृत्व में समाप्त हुआ सदियों का कलंक
सीएम योगी ने कहा कि राम भक्त वही जो राष्ट्र के बारे में सोचे, राम भक्त वही जो राष्ट्र की सुरक्षा की पुख्ता व्यवस्था करे, राम भक्त वही जो भारत का सम्मान बढ़ाए, राम भक्त वही जो विकास के बड़े बड़े कार्य ला दे, राम भक्त वही जो बिना भेदभाव के गरीबों के उत्थान के लिए काम करे और इसमें सबसे बड़ा नाम है भारत के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी का। मोदी जी को आपने आशीर्वाद दिया और प्रदेश में भी भाजपा की सरकार बनाई तो डबल इंजन सरकार के नेतृत्व में सदियों का कलंक समाप्त हुआ और अयोध्या में राम लला विराजमान हुए।
इस अवसर पर भारतीय जनता पार्टी के जिलाध्यक्ष संजीव सिंह, जिला प्रभारी मिथलेश त्रिपाठी, विधायक रामचंद्र यादव, पूर्व विधायक गोरखनाथ बाबा, जिला पंचायत अध्यक्ष रोली सिंह, क्षेत्रीय महामंत्री विजय प्रताप सिंह, पूर्व विधायक रामू प्रियदर्शी, रामदेव आचार्य, विधानसभा रुदौली के प्रभारी कमला शंकर पांडे, विधानसभा के संयोजक मिल्कीपुर जनार्दन मौर्य, रघुनंदन चौरसिया, वासुदेव मौर्य, राघवेंद्र पांडे, महापौर गिरीश पति त्रिपाठी एवं महंत राजू दास उपस्थित रहे।
यह भी पढ़ें : स्कूल में प्रधानाध्यापक ने महिला शिक्षामित्र से छेड़छाड़ कर किया दुष्कर्म का प्रयास