Wild elephants destroyed farmers’ crops : उवेश रहमान : बिछिया :बहराइच। कतर्नियाघाट वन्य जीव प्रभाग से सटे गाँवो के किसानों के खेतों में जँगली हाथियों ने एक बार फिर रुख किया है। देर शाम कतर्नियाघाट रेंज के बर्दिया गांव में जंगल से निकलकर आए हाथी ने थारू किसानों की फसलों पर जमकर कहर बरपाया। कई बीघे गन्ना, गेहूं और सरसों की फसल को रौंद कर तहस-नहस कर दिया। इस घटना के बाद वन विभाग ने पेट्रोलिंग बढ़ा दी है लेकिन किसान सहमे हुए हैं। खेतों में रखवाली के लिए रात में रह रहे किसानों को वन विभाग के अधिकारियों ने सजग रहने को कहा है।
यह भी पढ़ें : बहराइच की साहित्यकार शमा परवीन को दिल्ली में मिलेगा कबीर कोहिनूर सम्मान
कतर्निया घाट वन्य जीव प्रभाग में नेपाल से आकर प्रवास करने वाले जंगली हाथियों का हमला जंगल से सटे गांव के निकट खेतों में फसलों पर फिर शुरू हो गया है। इस समय किसानों के खेतों में गन्ना, गेहूं, सरसों, आलू आदि फसले लगी हुई हैं। कड़ी मेहनत के बाद किसान खेतों में फसल तैयार होने का इंतजार कर रहे हैं, लेकिन जंगली हाथियों के फिर शुरू हुए हमले ने किसानों की चिंता बढ़ा दी है।
जंगली हाथी ने गुरुवार देर शाम कतर्नियाघाट रेंज के बर्दिया गांव के निकट जंगल से सटे किसान मोतीलाल की तीन बीघा गन्ने की फसल, राममिलन की डेढ़ बीघा गन्ने की फसल, वंशराम की डेढ़ बीघा गन्ने की फसल, कांशीराम की आधा बीघा गेंहू की फसल, कांशीराम की सरसो की आधा बीघा फसल को रौंद कर चौपट कर दिया।
ग्रामीणो के अनुसार जँगली हाथियों की संख्या तीन थी। पूरी रात किसान हांका लगाते रहे लेकिन खेत में घुसे हाथी टस से मस नहीं हुए, भोर होते ही हाथियों का झुंड जंगलो में चला गया। किसानों की सूचना पर मौके पर पहुंचे वन क्षेत्राधिकारी अनूप कुमार ने लोगो को सजग रहने को कहा है, वन क्षेत्राधिकारी ने बताया कि पेट्रोलिंग बढ़ा दी गयी है।
जंगली हाथियों के हमले में बीते साल हो चुकी है दो किसानों की मौत
आपको बताते चलें कि कतर्नियाघाट संरक्षित वन क्षेत्र में बीते वर्ष जंगली हाथियों ने खेत की रखवाली कर रहे दो ग्रामीणों को हमला कर मार डाला था। इस बार फिर हाथियों का उत्पात शुरू हुआ है ऐसे में जंगल से सटे खेतों की रखवाली करने वाले गांव के किसान सहमे हुए है। किसानों का कहना है कि वन विभाग सुरक्षा के इंतजाम करे, जिससे कि फसल और जिंदगी दोनों सुरक्षित रह सके।
यह भी पढ़ें : बहराइच की साहित्यकार शमा परवीन को दिल्ली में मिलेगा कबीर कोहिनूर सम्मान