Weather News : UPKeBol : लखनऊ। गुलाबी ठंडक की दस्तक के बीच यूपी में मौसम विभाग ने आंधी पानी का येलो अलर्ट जारी किया है। दीपावली के मौके पर मौसम का मिजाज त्योहारों के उल्लास को फीका कर सकता है। मौसम विभाग ने पंजाब, हरियाणा और उत्तराखंड में सक्रिय हो रहे पश्चिमी विक्षोभ के चलते आगामी 24 से 48 घंटे में यूपी मौसम बदलने का संकेत दिया है। शुक्रवार को इसी असर के चलते ब्रज क्षेत्र में बारिश रिकॉर्ड हुई वहीं यूपी के अवध क्षेत्र में भी बूंदाबांदी और आंधी आ सकती है।
इस समय देश में गुलाबी ठंडक दस्तक दे रही है। यूपी में भी लोगों को गुलाबी ठंडक का एहसास हो रहा है। लेकिन इस बीच पंजाब, हरियाणा और उत्तराखंड में तीन दिन से पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय हुआ है।
इस पश्चिमी विक्षोभ के चलते यूपी में मौसम बदलने का संकेत मिल रहा है। यूपी की सीमा पर पंजाब हरियाणा और उत्तराखंड क्षेत्र में सक्रिय पश्चिमी विक्षोभ के चलते शुक्रवार सुबह ब्रज क्षेत्र के मथुरा वृंदावन और गाजियाबाद इलाके में हल्की बारिश रिकॉर्ड हुई।
लखनऊ के आंचलिक मौसम विज्ञान केन्द्र के वरिष्ठ मौसम वैज्ञानिक मोहम्मद दानिश ने बताया कि पंजाब, हरियाणा और उत्तराखंड में सक्रिय पश्चिमी विक्षोभ के चलते राजधानी लखनऊ समेत लगभग 22 जिलों के लोगों को धूल भरी आंधी और बूंदाबांदी का सामना करना पड़ सकता है। उन्होंने कहा कि आगामी 24 से 48 घंटे में मौसम का यह बदलाव देखने को मिल सकता है।
इन जिलों में बदल सकता है मौसम, हो सकती बारिश
लखनऊ के आंचलिक मौसम विज्ञान केन्द्र के वरिष्ठ मौसम वैज्ञानिक मोहम्मद दानिश ने बताया कि यूपी के बरेली, पीलीभीत, संभल, बदायूं, सहारनपुर, शामली, अलीगढ़, मथुरा, हाथरस, बिजनौर, अमरोहा, मुरादाबाद, मुजफ्फरनगर, बागपत, मेरठ, गाजियाबाद, हापुड़, गौतमबुद्धनगर, बुलंदशहर व आसपास के जिलों में धूल भरी आंधी को लेकर येलो अलर्ट जारी किया गया है। लखनऊ व आसपास के जिलों के लोगों को आंधी के साथ बूंदाबांदी का सामना करना पड़ सकता है।