- बहराइच में रविवार की शुरुआत तेन्दुए के हमले के साथ, एक और ग्रामीण लहूलुहान होकर अस्पताल में भर्ती
- अचानक बढ़े तेन्दुए के हमले से दहशत में हैं ग्रामीण, बढ़ी गर्मी बन रही हमले का कारण
उवेश रहमान : बिछिया : बहराइच। यूपी के बहराइच जिले में तेन्दुए के हमलों की बाढ़ आ गयी है। बहराइच में रविवार की शुरुआत तेन्दुए के हमले के साथ हुई। सुबह शौच के लिए खेत जा रहे अधेड़ व्यक्ति पर हमला कर तेन्दुए ने ग्रामीण को लहूलुहान कर दिया। लोगों के दौड़ने पर उसकी जान बच सकी। ग्रामीण को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। अचानक बढ़े तेन्दुए के हमले से ग्रामीण दहशत में हैं, बढ़ी गर्मी को विशेषज्ञ हमले का कारण बता रहे हैं।
यह भी पढ़ें : बहराइच में जंगल से निकले तेन्दुए ने गन्ने के खेत मे खड़े बालक पर मारा झपट्टा, 5 मिनट तक तेंदुए से हुआ संघर्ष, हालत गंभीर
आपको बताते चलें कि कतर्नियाघाट जंगल से सटे आबादी वाले इलाकों में अचानक तेंदुए की आमद बढ़ गई है। रोज कहीं न कहीं तेंदुआ जंगल से निकलकर आबादी में दस्तक दे रहा है। अभी शनिवार को ही तेन्दुए ने कतर्नियाघाट जंगल के निशानगाड़ा रेंज में स्थित कुटिया रामपुरवा गांव के निकट गन्ने के खेतों में काम कर रहे बालक पर हमला कर तेंदुए ने घायल कर दिया था।
अभी उस घटना से लोग उवर भी नहीं पाए थे तभी रविवार सुबह साढ़े पांच बजे के आसपास खेत मे शौच करने को जा रहे ग्रामीण पर तेंदुए ने हमला कर दिया। यह घटना भी कतर्नियाघाट वन्य जीव प्रभाग के निशानगाड़ा रेंज अन्तर्गत आजमगढ़ पुरवा कारीकोट गांव के पास घटी। आजमगढ़ पुरवा निवासी 54 वर्षीय बेचू पुत्र गिरधारी अपने घर से कुछ दूरी पर खेत मे शौच के लिए निकला था तभी गन्ने के खेत से निकलकर आये तेंदुए ने हमला कर उसे गंभीर रूप से घायल कर दिया।
ग्रामीण की चीख पुकार सुनकर लोग दौड़े तब उसकी जान किसी तरह बच सकी, लेकिन हमले में ग्रामीण गंभीर रूप से लहूलुहान हुआ है। घटना की सूचना पर पहुँचे वन रक्षक कौशल किशोर ने तत्काल घायल ग्रामीण को एम्बुलेंस की मदद से पीएचसी में भर्ती कराया जहां पर इलाज के दौरान हालत गंभीर देखकर डॉक्टर ने उसे सीएचसी मोतीपुर रेफर कर दिया है।
घटना के बाद से गांव के लोग काफी दहशत में है उधर वन कर्मियों का कहना है कि अचानक बढ़ी गर्मी के कारण तेंदुए का हमला बढ़ गया है। जंगल के अंदर वन्य जीव गर्मी से परेशान है जिस कारण वह आबादी की ओर रुख कर रहे हैं। वन कर्मियों ने खेत और खलिहान जाते समय ग्रामीणों को अलर्ट रहने के निर्देश दिए हैं।