UPKeBol : देवरिया। सपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव रुद्रपुर क्षेत्र के फतेहपुर गांव के अभयपुर टोला में पूर्व जिला पंचायत सदस्य प्रेमचंद यादव के घर में शोक संतृप्त परिवार से मिलने के बाद पत्रकारों से बातचीत करते हुए कहा कि भारतीय जनता पार्टी जाति के नाम पर राजनीति कर रही है। इस घटना का भाजपा राजनीतिक लाभ लेना चाहती है।उन्होंने कहा भाजपा देश को बर्बाद करना चाहती है। यही हाल रहा तो लोग अपना वोट नहीं डाल पाएंगे।देवरिया की घटना में बीजेपी की नियत साफ नहीं दिखाई दे रही है।
यह भी पढ़ें : बच्चे की कनपटी पर तमंचा तानकर सिपाही की पत्नी से दुष्कर्म, आरोपी गिरफ्तार
पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने कहा कि जिस तरह से यह घटना हुई है। उत्तर प्रदेश में कहीं और नहीं देखी, घटना के प्रति आम जनमानस में आक्रोश है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ पर हमला बोलते हुए पूर्व मुख्यमंत्री ने कहा कि सीएम योगी के गृह जनपद गोरखपुर के बगल में हुई यह घटना अत्यंत दुर्भाग्यपूर्ण है।
प्रेमचंद के आवास पर बुलडोजर चलाने के सवाल पर पूर्व सीएम अखिलेश यादव भड़क उठे। पूर्व सीएम ने कहा, बुलडोजर जनता नहीं चलाने देगी। कैसे बुलडोजर चला देंगे, प्रेमचंद के घर पर अगर सरकार बुलडोजर चलाती है तो जिस तरह से सरकार अपनी जमीनों पर बने भवनो का मुआवजा लेती है, वैसे ही यहां भी तत्काल मुआवजे की व्यवस्था करे। कहा कि सरकार जीरो टॉलरेंस की नीति की बात करती है और यहां एक नहीं दो-दो परिवारों के लोगों की जान चली गई। यह बहुत दुर्भाग्यपूर्ण व दुखद है।
उत्तर प्रदेश सरकार के सीएम योगी आदित्यनाथ पर निशाना साधते हुए पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने कहा कि विकास दुबे भी ब्राह्मण थे। उनके परिवार को क्यों नहीं गले लगाया। उनकी गाड़ी पलटी थी। पूर्व सीएम अखिलेश ने कहा कि देवरिया की इस घटना में शामिल छोटे-छोटे 20 कर्मचारियों पर प्रशासन ने कार्रवाई कर दी। लेकिन बड़े अधिकारियों पर कार्रवाई नहीं हुई क्यों?
पूर्व सीएम अखिलेश ने कहा कि निर्दोष लोगों को पुलिस ने घटना में फंसाया है। यहां की महिलाओं ने अपना दर्द बयां किया है, पुलिस लोगों पर ज्यादती कर रही है। जनता की ताकत के सामने सरकार की ताकत कुछ नहीं है।
दुबे परिवार से भी मिलना चाहता था : अखिलेश
पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने प्रेमचंद यादव के परिवार से मिलने के बाद कहा कि मैं दुबे परिवार से भी मिलना चाहता था, लेकिन उनकी मर्जी, वह नहीं मिलना चाह रहे हैं तो मैं क्या कर सकता हूं। पूर्व सीएम ने कहा देवेश दुबे का बयान भाजपा के नेताओं के समझाने के बाद आ रहा है। भाजपा जातिवादी रंग दे रही है। मैंने अपना काम किया, जनता सब देख रही है।
यह भी पढ़ें : बच्चे की कनपटी पर तमंचा तानकर सिपाही की पत्नी से दुष्कर्म, आरोपी गिरफ्तार