Case registered against UP’s top 50 mafia Gabbar Singh in Bahraich : UPKeBol : बहराइच। यूपी के बहराइच जिले में जमीन माफिया के रूप में कुख्यात जिला पंचायत सदस्य गब्बर सिंह पर बहराइच शहर के दरगाह थाने में एक व्यक्ति का अपहरण कर उसका फर्जी मृत्यु प्रमाण पत्र बनवाकर जमीन बैनामा करवाने का आरोप लगा है। मामला पुराना है, जमीन माफिया गब्बर सिंह इस समय फिरोजाबाद की जेल में बंद है, पुलिस ने पीड़ित महिला की तहरीर पर गब्बर सिंह के खिलाफ अपहरण और धोखाधड़ी की धाराओं में केस (F.I.R) दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है। इस पुराने मामले का खुलासा होने के बाद गब्बर सिंह के समर्थकों में बेचैनी बढ़ गई है।

आपको बता दें कि कुख्यात जमीन माफिया देवेंद्र सिंह उर्फ गब्बर सिंह यूपी के बहराइच जिले के पयागपुर थाना अंतर्गत ग्राम पंचायत मोहनापुर का निवासी है। वह अपने क्षेत्र से जिला पंचायत सदस्य भी निर्वाचित हुआ था। इस समय धोखाधड़ी व अन्य मामलों में जिला पंचायत सदस्य गब्बर सिंह जिला कारागार फिरोजाबाद में बंद है।
कुख्यात जमीन माफिया गब्बर सिंह पर लूट, प्राण घातक हमला, जमीन की धोखाधड़ी समेत विभिन्न संगीन धाराओं में यूपी के अवध क्षेत्र के गोंडा, अयोध्या, गोंडा, लखनऊ, सुल्तानपुर और बहराइच आदि जनपदों में 23 से अधिक मुकदमे दर्ज है।
अब जिला पंचायत सदस्य गब्बर सिंह के खिलाफ नया मामला एक व्यक्ति का अपहरण कर उसे गायब कर के फर्जी मृत्यु प्रमाण पत्र बनवाकर जमीन का बैनामा करवाने का सामने आया है। इस मामले में गायब व्यक्ति की पत्नी ने बहराइच शहर के दरगाह थाने में गब्बर सिंह के खिलाफ काफी समय पहले पति को अगवा कर गायब करने और उनका फर्जी मृत्यु प्रमाण पत्र बनवाकर धोखाधड़ी से जमीन बैनामा करवाने का आरोप लगाया है।
दरगाह थाने में गब्बर सिंह के खिलाफ एफआईआर (F.I.R) दर्ज करवाने वाली महिला बहराइच शहर के मोहल्ला शिव नगर निवासी सुधा मातनहेलिया पत्नी अरुण कुमार हैं। सुधा थाने पर दी गयी तहरीर में बताया है कि जेल जाने से पूर्व माफिया गब्बर सिंह ने उसके पति का अपहरण करवा लिया था।
पीड़ित सुधा का कहना है तब से पति का अब तक कोई पता नहीं चल सका है। अब तक उनके मौत की पुष्टि नहीं हुई है। इसके बावजूद माफिया गब्बर सिंह ने पति अरुण कुमार का मृत्यु प्रमाण पत्र अस्पताल और नगर पालिका से बनवाकर जमीन का फर्जी तरीके से बैनामा करवा लिया है।
पीड़ित सुधा मातनहेलिया की तहरीर पर पुलिस ने जिला पंचायत सदस्य गब्बर सिंह के खिलाफ अपहरण, गायब करने और धोखाधड़ी समेत विभिन्न धाराओं में केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पीड़ित सुधा मातनहेलिया ने गब्बर सिंह द्वारा तैयार करवाया गया पति का फर्जी मृत्यु प्रमाण पत्र खारिज किए जाने की भी मांग की है।
इस मामले में दरगाह थाने के प्रभारी निरीक्षक हरेंद्र कुमार मिश्रा ने बताया कि पीड़िता की तहरीर पर गब्बर सिंह के खिलाफ केस दर्ज किया गया है, आरोपी गब्बर सिंह इस समय फिरोजाबाद जेल में बंद हैं। उसका भी बयान दर्ज कर मामले की जांच करते हुए विधिक कार्रवाई की जाएगी। पीड़ित महिला को न्याय दिलाया जाएगा।
यूपी के टॉप 50 माफियाओं में शामिल है बहराइच का गब्बर
आपको बता दें कि पयागपुर निवासी जिला पंचायत सदस्य देवेंद्र सिंह उर्फ गब्बर सिंह यूपी के टॉप 50 माफियाओं में शामिल है। गब्बर सिंह ने पहले सपा में एंट्री की। उसके बाद भाजपा की सरकार बनने पर भाजपा में एंट्री की कोशिश की। बीते वर्ष बहराइच में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का कार्यक्रम आयोजित था। उसे कार्यक्रम में गब्बर सिंह मंच पर नजर आए थे। इसके बाद मुख्यमंत्री ने भी मामले को संज्ञान में लिया था।
इसी के बाद गब्बर सिंह की मुश्किलें बढ़ गई थी और विभिन्न मामलों में जमानत पर बाहर टहल रहे गब्बर सिंह को जेल जाना पड़ा था। ध्यान देने योग्य बात यह है कि मुख्यमंत्री द्वारा मामले को संज्ञान में लिए जाने के बाद गब्बर सिंह पर प्रशासनिक शिकंजा कसा गया था। सीएम योगी की सख्ती के बाद तत्कालीन जिलाधिकारी डॉ दिनेश चंद्र ने शहर में स्थित गब्बर सिंह की 110 करोड़ की दो संपत्ति की कुर्की की थी।
यह भी पढ़ें : यूपी के कासगंज में महिला सिपाही ने ‘तेरी मेरी दोस्ती प्यार में बदल गई…’ गाने पर ने बनाई REEL, सस्पेंड