- दहेज के लिए मंडप से दूल्हे को लेकर रात भर गायब रहा पिता
- समझौते के लिए थाने में हुई 15 लाख की सौदेबाजी
Father disappeared whole night with groom from the pavilion for dowry : सुल्तानपुर। एक शादी में सात फेरे लेने से पहले लेन-देन को लेकर विवाद हो गया। नौबत यहां तक आई कि दूल्हे का पिता बेटे को मंडप से उठा ले गया और रात भर गायब रहा। जिसका सीसीटीवी फुटेज सामने आया है। बात थाने पहुंची। जहां काफी जद्दोजहद के बाद दूल्हा पक्ष से 15 लाख रुपए लड़की पक्ष को देकर सुलह करवाया गया। इस प्रकार शादी टूट गई है।
यह भी पढ़ें : ग्लोबल वार्मिंग की वजह से पृथ्वी पर लगातार बढ़ रहा है खतरा : अभिषेक
जानकारी के अनुसार वाराणसी जिले के एक इलाके की लड़की का विवाह जिले के गोसाईगंज थाना अंतर्गत फतेहपुर संगत निवासी गिरधारी लाल सोनी के पुत्र मूल चंद्र सोनी से तय हुआ था। तय तारीख पर बीते शनिवार को लड़की पक्ष के लोग गोसाईगंज कस्बा स्थित मैरिज लॉन पहुंचे जहां शादी की रस्में अदा होनी थी।
बताया जा रहा है कि नाश्ता पानी के बाद जब जयमाल का समय आया उसी समय लेन देन को लेकर वर-वधू पक्ष के लोगों में कहासुनी के बाद विवाद हो गया। देखते ही देखते विवाद इतना बढ़ गया कि मंडप पर ही दूल्हे के पिता गिरधारी लाल भड़क उठे। गुस्सा गिरधारी लाल मंडप पर बैठे अपने बेटे के पास पहुंचे और उसे अपशब्द कहते हुए मारते हुए मंडप से उठाकर ले जाने लगे। इस पर वहां मंडप पर मौजूद लोगों ने गिरधारी लाल को ऐसा करने से मना किया। परंतु दूल्हे के पिता गिरधारी लाल ने किसी की एक भी बात नहीं सुनी। वहीं लड़की पक्ष के लोग भी बिफर पड़े लेकिन तब तक गिरधारी लाल अपने दूल्हे बेटे को लेकर जा चुके थे। वधू पक्ष ने अपनी इज्जत जाता देखकर सुबह थाने पहुंचकर शिकायत कर दी।
रविवार को दिन भर पंचायत और बहस चली। काफी गहमागहमी के बाद रविवार देर शाम दोनों पक्ष में शादी पर खर्च हुई रकम देने के नाम पर सुलह समझौता हुआ। पुलिस के समझोता के बाद 12 लाख 51 हजार रूपये कैश के समेत 15 लाख रुपए वधू पक्ष को वर पक्ष से दिलाया गया। समझौते की रकम पाने के बाद थाने में दोनों पक्ष में सुलहनामा की औपचारिकता पूरी हुई और दोनों पक्ष अपने घरों को चले गए।
दोनों पक्षों के बीच सुलझाया गया विवाद : थाना प्रभारी
सुलतानपुर के गोसाईगंज थाने के प्रभारी निरीक्षक धीरज कुमार ने बताया कि दोनों पक्षों के बीच विवाद निस्तारित करा दिया गया है। हालांकि दोनों पक्षों के बीच शादी पर सहमति नहीं बनी है। पैसे का आदान-प्रदान खर्च के आधार पर करते हुए दोनों पक्षों में समझौता हो गया है।
यह भी पढ़ें : ग्लोबल वार्मिंग की वजह से पृथ्वी पर लगातार बढ़ रहा है खतरा : अभिषेक