Ayodhya Deepotsav-2023 : UPKeBol : अयोध्या। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने यहां राम की पैड़ी से देश और प्रदेशवासियों को दीपावली और दीपोत्सव की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि भगवान श्रीराम द्वारा आसुरी शक्तियों के अंत के संकल्प की पूर्ति का उल्लास है दीपोत्सव। हमारा प्रयास होना चाहिए कि दीपोत्सव का ये पर्व देश के हर गरीब और वंचितों के जीवन में नई खुशहाली लेकर आए। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी का विजन अयोध्या को वैश्विक मान्यता दिलाना ही है।
यह भी पढ़ें : बहराइच के श्रीचित्रगुप्त मंदिर में स्थापित है विश्व की एकमात्र भगवान चित्रगुप्त की परिवार सहित प्रतिमा
मुख्यमंत्री ने दुनिया के 54 देशों से अयोध्या आए राजनयिकों का स्वागत एवं अभिनंदन करते हुए कहा कि दीपावली का आयोजन पूरे भारत में श्रीराम के 14 वर्ष के वानवास के उपरांत अयोध्या वापसी के उपलक्ष्य में मनाया जाता है। उन्होंने कहा प्रभु श्री राम ने जो संकल्प लिया था, उसकी पूर्ति के बाद अयोध्या आगमन और यहां रामराज्य के आधारशिला की शुरुआत का यह महा उत्सव है। यह उत्सव सिर्फ भगवान राम के वनागमन से वापसी का नहीं है बल्कि वन्य क्षेत्र को अभय प्रदान करना, नाकारात्मक शक्तियों और राक्षसी प्रवृतियों का अंत करने का भी उत्सव है।
सीएम योगी ने कहा कि आगामी जनवरी माह में प्रभु श्रीराम के मंदिर का भव्य रूप उद्घाटन होने जा रहा है। श्रीराम के आदर्शों के अनुरूप यह आयोजन और भी भव्यता के साथ एक नई खुशहाली और समृद्धि की ओर हम सभी को अग्रसर करता रहेगा। मुख्यमंत्री ने इस अवसर पर दीपोत्सव को भव्य बनाने के लिए पिछले चार दिन से जुटे 25 हजार वॉलेंटियर्स को धन्यवाद भी दिया।
इस अवसर पर प्रदेश की राज्यपाल आनंदी बेन पटेल, डिप्टी सीएम ब्रजेश पाठक, सरकार में मंत्री सूर्य प्रताप शाही, जयवीर सिंह, राकेश सचान, 54 देशों के राजनयिक, सांसद अयोध्या लल्लू सिंह, साधु-संत एवं विभिन्न मठों के महंत, सभी विधायक, जिला पंचायत अध्यक्ष, भाजपा, विहिप एवं विभिन्न संगठनों के प्रतिनिधि मौजूद रहे।
22.23 लाख दीपों से जगमगाई अयोध्या, बना नया कीर्तिमान
अयोध्या। मर्यादा पुरुषोत्तम श्रीराम की अयोध्या ने नया कीर्तिमान बनाते हुए दीपोत्सव 2023 में 22.23 लाख दीप प्रज्ज्वलित किए। पिछली वर्ष 2022 में प्रज्ज्वलित 15.76 लाख दीपों के सापेक्ष इस बार दीपों की संख्या लगभग छह लाख 47 हजार अधिक रही। दीपोत्सव 2023 का नया कीर्तिमान गिनीज बुक ऑफ वर्ल्ड रिकॉर्ड में दर्ज किया गया है। ड्रोन से दीपों की गणना भी हुई।
- साल दर साल दर्ज हुआ नया रिकॉर्ड, ड्रोन से हुई दीपों की गणना
- अवधपुरी ने राम मंदिर से पहले ही किया श्री राम का स्वागत
- अपना ही रिकॉर्ड तोड़कर दीपोत्सव के माध्यम से अयोध्या के हर दिल में फिर उतरे योगी
उत्तर प्रदेश सरकार के इस ‘भव्य दीपोत्सव’ को गिनीज बुक ऑफ वर्ल्ड रिकॉर्ड्स के प्रतिनिधियों ने देखा और अंततः एक साथ एक स्थान पर इतनी बड़ी संख्या में दीप प्रज्ज्वलन को विश्व कीर्तिमान का दर्जा प्रदान किया।
आपको बता दें कि दीप प्रज्ज्वलन का नियत समय शुरू होते ही ‘श्री राम जय राम जय जय राम’ के जाप के साथ एक-एक कर 22.23 लाख दीप जगमगा उठे। गिनीज बुक ऑफ वर्ल्ड रिकॉर्ड्स के प्रतिनिधियों द्वारा कीर्तिमान रचने की घोषणा के साथ ही पूरी अयोध्या ‘जय श्री राम’ के उद्घोष से गूंज उठी। यह कीर्तिमान रचने में डा. राम मनोहर लोहिया अवध विश्वविद्यालय व इससे जुड़े महाविद्यालयों के शिक्षक, इंटर कॉलेजों के शिक्षक व छात्रों, स्वयंसेवी संस्थाओं की बड़ी भूमिका रही।
ड्रोन की गणना के उपरांत गिनीज बुक ऑफ वर्ल्ड रिकॉर्ड्स की ओर से कन्सल्टेंट निश्चल बरोट और एग्जीक्यूटर स्वप्निल दंगारीकर ने अयोध्या द्वारा दीपोत्सव 2023 गिनीज बुक ऑफ वर्ल्ड रिकॉर्ड रचने की घोषणा की और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को गिनीज बुक ऑफ वर्ल्ड रिकॉर्ड्स की ओर से प्रमाण पत्र सौंपा।
गिनीज बुक ऑफ वर्ल्ड रिकॉर्ड का प्रमाण पत्र मिलते ही सीएम योगी ने समूची अयोध्या का अभिवादन किया। 54 देशों के राजनयिक भी इसके साक्षी बने।
वर्ष दर वर्ष बढ़ती गई दीपदान समृद्धि
- 2017 में अयोध्या में 1.71 लाख दीपदान
- 2018 में 3.01 लाख दीपदान
- 2019 में 4.04 लाख दीपदान
- 2020 में 6.06 लाख दीपदान
- 2021 में 9.41 लाख दीपदान
- 2022 में 15.76 लाख दीपदान
- 2023 में 22.23 लाख दीप प्रज्जवलित
यह भी पढ़ें : बहराइच के श्रीचित्रगुप्त मंदिर में स्थापित है विश्व की एकमात्र भगवान चित्रगुप्त की परिवार सहित प्रतिमा