Magadha Sahitya Inspiration National Summit Award : बहराइच के प्रसिद्ध साहित्यकार डॉ. दिनेश त्रिपाठी ‘शम्स’ को साहित्य सृजन में उत्कृष्ट योगदान के लिए “मगध साहित्य प्रेरणा राष्ट्रीय शिखर सम्मान” प्रदान किया जाएगा। देश के प्रसिद्ध पर्यटन स्थल और विश्व प्रसिद्ध नालंदा विश्वविद्यालय के लिए मशहूर बिहार के नालंदा में आयोजित अंतर्राष्ट्रीय मगध साहित्य प्रेरणा उत्सव में उन्हे सम्मानित किया जाएगा।
साहित्य के क्षेत्र में श्रेष्ठ योगदान के लिए बहराइच के प्रसिद्ध साहित्यकार डॉ दिनेश त्रिपाठी ‘शम्स’ का चयन किया गया है। आपको बता दें कि स्व. अशोक स्मृति संस्थान हिसुआ और साहित्य प्रेरणा मंच हिसुआ के द्वारा बिहार के राजगीर में अंतर्राष्ट्रीय मगध साहित्य प्रेरणा उत्सव का आयोजन किया जा रहा है जहां भारत एवं नेपाल में साहित्य, शिक्षा व पत्रकारिता के क्षेत्र में बेहतर योगदान देने वाले लोगों को सम्मानित किया जाएगा। इसी के तहत साहित्य में रचनात्मक श्रेष्ठता के आधार पर डॉ दिनेश त्रिपाठी शम्स का चयन किया गया है।
इस कार्यक्रम में देश के कई नामचीन साहित्यकार, कवि, शिक्षाविद और पत्रकार शामिल हो रहे हैं। इस सम्मान के लिए अशोक स्मृति संस्थान के द्वारा एक चयन कमेटी बनाई गई थी। इसी कमेटी के द्वारा राष्ट्रीय सम्मान के लिए साहित्य मनीषियों का चयन किया गया है। गौरतलब हो कि डॉ त्रिपाठी को साहित्य में बेहतर योगदान के लिए पहले भी कई बार सम्मानित किया जा चुका है।
10 दिसंबर को मिलेगा सम्मान
साहित्यकार डॉ दिनेश त्रिपाठी ‘शम्स’ को “मगध साहित्य प्रेरणा राष्ट्रीय शिखर सम्मान” 9 और 10 दिसंबर को राजगीर में आयोजित होने वाले कार्यक्रम मगध साहित्य प्रेरणा उत्सव में प्रदान किया जाएगा। सम्मान के लिए उनका चयन होने पर जिले के साहित्यकारों ने हर्ष जाहिर करते हुए उन्हें शुभकामनाएं दी है। सम्मान के लिए चुने जाने पर लेखक-साहित्यकार डॉ दिनेश त्रिपाठी शम्स ने भी अशोक स्मृति संस्थान हिसुआ और साहित्य प्रेरणा मंच हिसुआ के संयोजक ओंकार शर्मा कश्यप का आभार व्यक्त किया है।
नवोदय विद्यालय में तैनात है डॉक्टर दिनेश त्रिपाठी
आपको बता दें कि बहराइच के वरिष्ठ साहित्यकारों में शुमार होने वाले डॉ. दिनेश त्रिपाठी ‘शम्स’ नवोदय विद्यालय में हिंदी शिक्षक के रूप में तैनात है। इस समय वह असम में स्थापित नवोदय विद्यालय में अपनी सेवाएं प्रदान कर रहे हैं। डॉ दिनेश त्रिपाठी शम्स हिंदी गजल विधा में अनूठे प्रयोग के लिए अपनी अलग पहचान रखते हैं।